देश की खबरें | हैदरपोरा मुठभेड़ में मारे गए दो नागरिकों के शवों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया

श्रीनगर, 19 नवंबर जम्मू-कश्मीर में हैदरपोरा मुठभेड़ में मारे गए दो आम नागरिक मोहम्मद अल्ताफ भट और मुदस्सिर गुल के शवों को बृहस्पतिवार देर रात को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि शव देर रात यहां पहुंचे थे। दफनाए दिए गए इन शवों को बृहस्पतिवार को अधिकारियों ने बाहर निकाला था, ताकि उन्हें उनके परिवार को सौंपा जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि भट का शव बर्जुल्ला और गुल का शव पीरबाग पहुंचाया गया, जहां महिलाएं, पुरुष और बच्चे शव का काफी समय से आखिरी बार उन्हें देखने के लिए इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार को शवों को स्थानीय कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां केवल परिवार की मौजूदगी में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

कोविड-19 वैश्विक महामारी के पिछले साल मार्च में शुरू हुए प्रकोप के बाद यह पहला मौका है, जब पुलिस की निगरानी में दफनाए गए शवों को वापस निकाल कर उनके परिजन को लौटाया गया।

पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती, नागरिक समाज समूहों और परिवार के साथ-साथ मुख्यधारा के राजनेताओं के दबाव के बाद यह कार्रवाई की गई थी।

वहीं, उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बृहस्पतिवार को उस मुठभेड़ की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए थे, जिसमें चार लोग मारे गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)