देश की खबरें | नोएडा के अलग-अलग क्षेत्रों में मिले तीन लोगों के शव

नोएडा (उप्र), 17 जनवरी नोएडा के अलग-अलग क्षेत्रों में तीन लोगों के शव मिले हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

दादरी थाने के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को पुलिस को सूचना मिली कि अजायबपुर के डाबरा गोलचक्कर के पास एक अज्ञात महिला का शव जली अवस्था में पड़ा है।

उन्होंने बताया कि इस मृत महिला की उम्र 19 वर्ष है। उन्होंने बताया कि उसकी मौत कैसे हुई तथा वह कौन है, इस बात का पता लगाया जा रहा है।

कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और जांच के लिए पुलिस की तीन टीम बनायी गयी हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में थाना दादरी क्षेत्र में 32 वर्षीय एक व्यक्ति का शव कल मिला जिसे पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा।

ईकोटेक- 3 थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने बताया कि इस थानाक्षेत्र में 40 वर्षीय एक व्यक्ति का शव नाले में मिला है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

पुलिस के अनुसार जहां-जहां शव मिले हैं, उसके आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतकों की पहचान कराई जा रही है।

सं

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)