देश की खबरें | रामेश्वरम के पास समुद्र में नौका डूबी, तटरक्षक ने नौ मछुआरों को बचाया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रामेश्वरम/चेन्नई , 26 जुलाई तमिलनाडु में रामेश्वरम के समीप पम्बन तट के पास शनिवार को समुद्र में एक चट्टान से टकरा जाने के बाद डूबने लगी एक नौका से नौ मछुआरों को बचाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मंडपम तटरक्षक केंद्र के कमांडर एम वेंकटेश ने बताया कि तूतीकोरिन जिले के तारुवैकुलम में मछुआरों ने सौ साल पुराने पम्बन रेलवे पुल के नीचे से निकलने कोशिश की, तभी उनकी नौका रास्ते से भटक गई और एक चट्टान से टकरा गई।

यह भी पढ़े | Kargil Vijay Diwas 2020: फ्रांस ने भारतीय सेना को किया सलाम, कहा- 1999 में मिराज 2000 से 2020 में राफेल तक हम भारत के साथ खड़े हैं.

उन्होंने बताया कि नागपट्टिनम जा रही नौका चट्टान से टकराने के कारण क्षतिग्रस्त हो गयी और उस पर सवार सभी नौ लोगों को तटरक्षक बल और नौसेना ने संयुक्त रूप से बचाया।

चेन्नई में रक्षा विभाग द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार नौसेना के हेलीकॉप्टर ने चार मछुआरों को बचाया जबकि बाकी पांच को एक मात्स्यिकी नौका द्वारा बचाया गया।

यह भी पढ़े | कोरोना को लेकर बड़ी राहत, पिछले 24 घंटे में 36,145 मरीज हुए ठीक: 26 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

इस हादसे के बारे में तटरक्षक बल से संदेश मिलने के शीघ्र बाद आईएनएस पारुंदु से उड़े नौसेना के एक हेलीकॉप्टर ने तत्काल बचाव अभियान चलाया।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘ हेलीकॉप्टर को तट से करीब आठ किलोमीटर दूर प्रवाल भित्ति पर एक मात्स्यिकी नौका नजर आयी। क्षति पहुंचने और खराब मौसम के चलते नौका तेजी से डूब रही थी।’’

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘हेलीकॉप्टर ने दो बार में विशेष उपकरण की मदद से आठ मछुआरों में से चार को नौका से निकाला और उन्हें 15 मील दूर मंडपम हेलीपैड पहुंचाया तथा उन्हें तटरक्षक बल के प्रतिनिधियों के हवाले कर दिया। ’’

विज्ञप्ति के अनुसार उसके बाद मौके पर पहुंची एक अन्य मात्स्यिकी नौका ने पांच मछुआरों को बचाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)