देश की खबरें | बीएमवीएसएस ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के दिव्यांगों को ‘जयपुर फुट’ प्रदान किये

जयपुर, 18 जून छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के दिव्यांगों के पुनर्वास के लिये जयपुर की भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (बीएमवीएसएस) ने विश्व प्रसिद्ध ‘जयपुर फुट’ प्रदान किये।

ये वे लोग हैं जिन्होंने विभिन्न कारणों से अपने अंग गंवा चुके हैं। शिविर का समापन सोमवार को हुआ।

दंतेवाड़ा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय शिविर के दौरान बीएमवीएसएस ने 477 विकलांग व्यक्तियों को कृत्रिम पैर (जयपुर फुट), कृत्रिम हाथ, ‘कैलीपर्स’, श्रवण यंत्र, वॉकर, छड़ी, बैसाखी, ‘ट्राई साइकिल’ और ‘व्हीलचेयर’ प्रदान किए।

बीएमवीएसएस के संस्थापक और मुख्य संरक्षक डी आर मेहता ने बताया कि “नक्सल और माओवादी के प्रभाव वाले क्षेत्र में कई लोगों ने अपने अंग खो दिए और विकलांग हो गए एवं पीड़ा झेल रहे थे।’’

उन्होंने बताया कि संस्था ने सोच-समझकर जोखिम उठाया, वह इन क्षेत्रों में गई और उसने पीड़ित लोगों की मदद के लिए पुनर्वास शिविर लगाए।

उन्होंने कहा, "दंतेवाड़ा शिविर तीसरा ऐसा शिविर था जो जिला प्रशासन के सक्रिय समर्थन और सहयोग से आयोजित किया गया था, जिसमें केवल तीन दिनों में विकलांगों को कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण दिये गये।"

दंतेवाड़ा शिविर से पहले, छत्तीसगढ़ जैन संगठन, सकल जैन समाज और जगदलपुर के जे एम चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से सुकमा और जगदलपुर में दो शिविर आयोजित किए गए थे, जिसमें 1300 लोगों का पुनर्वास किया गया था।

कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)