देश की खबरें | भाजपा के प्रणेश कर्नाटक विधान परिषद के उपसभापति चुने गए

बेलगावी (कर्नाटक), 23 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एम. के. प्रणेश को शुक्रवार को कर्नाटक विधान परिषद का उपसभापति चुना गया।

उपसभापति के रूप में प्रणेश का यह दूसरा कार्यकाल है। उन्होंने कांग्रेस के अरुण कुमार अरली को मिले 26 मतों के मुकाबले 39 मत हासिल किए।

जनता दल (सेक्युलर) इस मतदान में तटस्थ रहा। जद (एस) के विधान परिषद में आठ विधायक हैं। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत में कांग्रेस और जद (एस) के बीच तीखी नोक झोंक हुई।

जद (एस) के विधानपरिषद सदस्य भोज गौड़ा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने बुधवार को हुए सभापति पद के चुनाव में बसवराज होरात्ती (भाजपा) के खिलाफ इसलिए उम्मीदवार नहीं खड़ा किया, क्योंकि वह उच्च जाति से संबंध रखते हैं।

विपक्ष के नेता बी के हरिप्रसाद (कांग्रेस) ने जद (एस) के इस आरोप के जवाब में कहा कि कांग्रेस ने होरात्ती की जाति नहीं, बल्कि उनकी वरिष्ठता को ध्यान में रखते हुए उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं खड़ा किया।

होरात्ती को विधान परिषद के सभापति के रूप में निर्विरोध चुना गया। इस चुनाव में कांग्रेस और जद (एस) ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा।

लिंगायत समुदाय के ताल्लुक रखने वाले होरात्ती ने भी कहा, ‘‘मुझे जाति के रंग में मत रंगो। इस सदन में बहुत से लोग जानते भी नहीं हैं कि मैं किस जाति से संबंध रखता हूं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)