भुवनेश्वर, 21 फरवरी ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की "डबल इंजन" सरकार का मजाक उड़ाया और कहा कि यह राज्य के लिए "दोहरी मुसीबत" साबित हुई है।
बीजद अध्यक्ष ने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार ने ओडिशा के लिए अनुदान राशि में कोई वृद्धि नहीं की है।
पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके पटनायक सोमवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी द्वारा पेश ओडिशा बजट पर सामान्य चर्चा में भाग ले रहे थे।
पटनायक ने कहा, "भाजपा राज्य में लोगों से यह वादा करके सत्ता में आई थी कि डबल इंजन वाली सरकार से उन्हें दोहरा लाभ मिलेगा। लेकिन यह दोहरी मुसीबत साबित हुई। केंद्र सरकार से अनुदान सहायता के रूप में मिलने वाली राशि में पिछले वर्षों की तुलना में कोई वृद्धि नहीं हुई।"
उन्होंने दावा किया कि 'डबल इंजन सरकार' के तहत ओडिशा का खुला बाजार ऋण बोझ 46,000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।
बीजद अध्यक्ष ने कहा कि प्रति व्यक्ति ऋण का बोझ हर साल बढ़ रहा है और इससे राज्य की वित्तीय स्थिति पर बोझ पड़ेगा तथा विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के लिए बहुत कम धन बचेगा।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन वाली भाजपा सरकार को ओडिशा को आगे ले जाना था, लेकिन ऐसा लगता है कि राज्य अब उल्टी दिशा में जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि उनके (बीजद) शासन के दौरान ओडिशा हमेशा उच्च विकास वाला राज्य बना रहा।
पटनायक ने दावा किया कि बीजद सरकार ने लाखों लोगों को गरीबी से बाहर आने में मदद की है, जिसे कई केंद्रीय संस्थानों ने भी नोट किया है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने इस वर्ष विकास दर को 10 प्रतिशत से घटाकर आठ प्रतिशत कर दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY