देश की खबरें | भाजपा ने आदेश गुप्ता को बनाया दिल्ली इकाई का अध्यक्ष, साय को दी छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा ने मंगलवार को आदेश कुमार गुप्ता को मनोज तिवारी के स्थान पर अपनी दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया तो आदिवासी नेता विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ इकाई की कमान सौंपी।
नयी दिल्ली, दो जून भाजपा ने मंगलवार को आदेश कुमार गुप्ता को मनोज तिवारी के स्थान पर अपनी दिल्ली इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया तो आदिवासी नेता विष्णु देव साय को छत्तीसगढ़ इकाई की कमान सौंपी।
पार्टी के महासचिव अरूण सिंह ने एक बयान जारी कर इन नियुक्तियों की जानकारी दी।
यह भी पढ़े | कोरोना के पंजाब में 41 नए मरीज पाए गए: 2 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
गुप्ता उत्तरी दिल्ली के पूर्व महापौर हैं और वह लोकसभा सदस्य मनोज तिवारी का स्थान लेंगे जो नवंबर, 2016 से दिल्ली भाजपा के प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले गुप्ता एबीवीपी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के साथ लंबे समय तक जु़ड़े रहे हैं।
यह भी पढ़े | Cyclone Nisarga: चक्रवाती तूफान 'निसर्ग' से पहले मुंबई के कई इलाकों में तेज बारिश, NDRF की टीम हुई मुस्तैद.
भाजपा आलाकमान का, पिछले कुछ वर्षों में लगातार यह प्रयास रहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में नए नेतृत्व को निखारा जाए और पार्टी को यहां की सत्ता में लाया जाए, हालांकि उसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
तिवारी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी से हार मिलने के बाद इस्तीफे की पेशकश की थी और उनका तीन साल का कार्यकाल भी समाप्त हो गया था।
छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत बनाने के लिए भाजपा ने आदिवासी नेता साय पर भरोसा दिखाया है। राज्य में आदिवासी आबादी अच्छी-खासी है।
साय मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में श्रम एवं रोजगार और इस्पात राज्य मंत्री थे लेकिन वर्ष 2019 में वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ सके क्योंकि भाजपा ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से मिली हार के बाद, उस वक्त किसी भी तत्कालीन सांसद को टिकट नहीं देने का फैसला किया था।
साय विक्रम उसेंडी का स्थान लेंगे।
एक अन्य नियुक्ति में भाजपा ने एस तिकेंद्र सिंह को मणिपुर भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया।
कोरोना वायरस की महामारी की वजह से राजनीतिक गतिविधियां बंद होने और पूरा ध्यान लॉकडाउन की वजह से प्रभावित लोगों को सहायता पहुंचाने पर केंद्रित करने के बाद भाजपा में पहली बार संगठन स्तर पर इतनी महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं।
इन नियुक्तियों से संकेत मिलता है कि राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन में ढील देने के बाद काफी हद तक राजनीतिक गतिविधियां सामान्य अवस्था में आ रही हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 02, 2020 08:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

