देश की खबरें | मोदी, शाह और नड्डा सहित भाजपा नेताओं ने आरएसएस प्रचारक मदन दास देवी के निधन पर शोक जताया

नयी दिल्ली, 24 जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक मदन दास देवी के निधन पर शोक जताया और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।

देवी का सोमवार को प्रातः 5.00 बजे बेंगलुरु के राष्ट्रोत्थान अस्पताल में देहावसान हो गया। वे 81 वर्ष के थे। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अखिल भारतीय संगठन मंत्री रहे हैं।

आरएसएस ने एक ट्वीट में कहा कि उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए दोपहर 1.30 बजे से 4.00 बजे तक संघ के प्रान्त कार्यालय 'केशव कृपा' (बेंगलुरु) में रखा जाएगा।

उनका अन्तिम संस्कार मंगलवार को महाराष्ट्र के पुणे में किया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने देवी के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘मदन दास देवी के देहावसान से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा में समर्पित कर दिया। उनसे मेरा न सिर्फ घनिष्ठ जुड़ाव रहा, बल्कि हमेशा बहुत कुछ सीखने को मिला। शोक की इस घड़ी में ईश्वर सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारजनों को संबल प्रदान करे।’’

शाह ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक मदन दास देवी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। निस्वार्थ भाव से राष्ट्रसेवा व संघ कार्य में अपना जीवन समर्पित करने वाले मदन दास देवी का जाना संगठन के लिए अपूरणीय क्षति हुई है। वह करोड़ों कार्यकर्ताओं के लिए एक प्रेरणापुंज के समान थे। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें।’’

नड्डा ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक मदन दास देवी के देवलोकगमन का समाचार अत्यंत दुःखद हैं। संघ के सह-सरकार्यवाह जैसे विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर भारतीय संस्कृति को मजबूती प्रदान करने में आपका योगदान अविस्मरणीय है। उनका निधन समाज व राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।’’

केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने देवी के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उन्हें छात्र जीवन से मदन दास देवी के साथ काम करने का और उनसे संगटन कौशल सीखने का अवसर मिला‌।

उन्होंने कहा, ‘‘चार्टर्ड अकाउंटेंसी में स्वर्ण पदक प्राप्त करने के बाद भी देश और समाज के लिए खुद को समर्पित करते हुए उन्होंने संघ के प्रचारक के तौर पर अपना कार्य शुरु किया। विद्यार्थी परिषद के माध्यम से देश के करोड़ों युवाओं को उन्होंने प्रेरित किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उनके निधन से देश ने एक युगपुरुष को खोया है। मदनदास का कार्य, उनके संस्कार मुझ जैसे करोड़ों कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मदन दास देवी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा में खपा दिया और उनका जीवन सभी को निष्काम भाव से समाज सेवा की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा, ‘‘उनका जाना समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। दुःख की इस घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।’’

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)