नयी दिल्ली, 19 अप्रैल कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश के उच्चतम न्यायालय को कमजोर करने में लगी हुई है और उन अधिकारों को कमजोर करने की कोशिक कर रही है जो संविधान ने शीर्ष अदालत को दिए हैं।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह दावा भी किया कि सरकार के कई कदमों को उच्चतम न्यायालय ने असंवैधानिक बताया, इसलिए उसे निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की उच्चतम न्यायालय से संबंधित एक टिप्पणी से जुड़े सवाल के जवाब में यह आरोप लगाया।
रमेश ने संवाददाताओं से कहा, "भाजपा उच्चतम न्यायालय को कमजोर करने में लगी हुई है। संवैधानिक पद पर बैठे लोग उच्चतम न्यायालय के खिलाफ बोल रहे हैं, मंत्री उच्च न्यायालय के खिलाफ बोल रहे हैं और अब भाजपा के सांसद भी उच्चतम न्यायालय के खिलाफ बोल रहे हैं।"
उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग आवाज आ रही है और उच्चतम न्यायालय को निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि उच्चतम न्यायालय ने कई मुद्दों पर सरकार के कदम को असवैधानिक बताया है।
उनके मुताबिक, उच्चतम न्यायालय का सिर्फ यह कहना है कि जब आप कानून कानून बनाते हैं तो संविधान के मौलिक ढांचे के खिलाफ मत जाइए।
रमेश ने कहा, "कांग्रेस पार्टी चाहती है कि उच्चतम न्यायालय स्वतंत्र और निष्पक्ष बना रहे और संविधान में जो उसको अधिकार दिए हैं उसका सम्मान हो।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY