कोलकाता, 12 अप्रैल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) महासचिव सीताराम येचुरी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2024 के आम चुनाव को देखते हुए सांप्रदायिक ध्रुवीकरण तेज कर रही है।
येचुरी ने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में रामनवमी समारोह के दौरान लोगों के समूहों के बीच हुई झड़पें देखी गईं।
येचुरी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जैसे-जैसे 2024 (लोकसभा चुनाव) नजदीक आ रहा है, सांप्रदायिक ध्रुवीकरण तेज करना भाजपा के लिए चुनावी और राजनीतिक लामबंदी का मुख्य आधार बन गया है।’’
येचुरी ने कहा कि अगले साल आम चुनाव के बाद भाजपा विरोधी गठबंधन वास्तविक रूप से आकार लेगा। उन्होंने दावा किया कि यह गठबंधन भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जगह अगली सरकार बनाएगा।
माकपा नेता ने कहा कि प्रत्येक राज्य की अपनी विशिष्ट राजनीतिक व्यवस्था होती है, लेकिन विचार भाजपा विरोधी ताकतों की अधिकतम लामबंदी है। उन्होंने कहा, ‘‘1996 और 2004 दोनों में चुनाव बाद गठबंधन हुआ था।’’
उन्होंने कहा कि माकपा ने तीन राज्यों - पश्चिम बंगाल, केरल और त्रिपुरा में कांग्रेस से मुकाबले के बावजूद 2004 में मनमोहन सिंह सरकार का समर्थन किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY