देश की खबरें | दिल्ली की भाजपा सरकार गो संरक्षण एवं सुरक्षा के लिये कानून बनायेगी : सूद

नयी दिल्ली, 28 मार्च दिल्ली की भाजपा सरकार ने शुक्रवार को कहा कि वह शहर में आवारा गायों की रक्षा एवं उनके संरक्षण के लिये एक कानून बनाएगी।

दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने विधानसभा में आवारा गायों एवं अन्य जानवरों के मुद्दे पर चर्चा के दौरान यह घोषणा की।

सूद ने कहा, ‘‘ हम उचित विचार-विमर्श के बाद गो संरक्षण और सुरक्षा के लिए एक कानून लाएंगे। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकार के विभिन्न विभागों के बीच कोई गलतफहमी न हो और हम कानून के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं का अध्ययन करेंगे।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह कानून गायों के कल्याण से जुड़ी चिंताओं का समाधान करेगा तथा आवारा पशुओं को सड़कों पर घूमने से रोककर नागरिक व्यवस्था भी बनाए रखेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रस्ताव सदन की भावनाओं को प्रतिबिंबित करते हैं और दिल्ली के लोगों के साथ प्रतिध्वनित होते हैं, जो सनातन मूल्यों को बनाए रखते हैं। हर सदस्य इस मुद्दे पर गहराई और संवेदनशीलता के साथ जुड़ा है।"

मंत्री का कहना था कि प्रस्तावित कानून में गायों के शोषण, अवैध पशु व्यापार और (मवेशियों के प्रति) मालिकों की लापरवाही को रोकने के लिए सख्त कानूनी तंत्र शामिल होंगे। सरकार नई गौशालाओं की भी योजना बना रही है, जिनके निर्माण और रखरखाव के लिए बजटीय प्रावधान किए जायेंगे।

भाजपा विधायक अशोक गोयल ने एक निजी प्रस्ताव पेश कर सरकार से अतिरिक्त आश्रय स्थल बनाने तथा मौजूदा आश्रय स्थलों के रखरखाव को बढ़ाने का आग्रह किया था।

गोयल ने कहा, ‘‘हमारी संस्कृति और धर्मग्रंथों के अनुसार गाय हमारी माता है, लेकिन जब गाय दूध देना बंद कर देती है तो कई लोग उसे छोड़ देते हैं। इससे यातायात जाम, दुर्घटनाएं और स्वच्छता से जुड़ी समस्याएं पैदा होती हैं।’’

मॉडल टाउन के विधायक गोयल ने कहा कि आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, एक जनवरी से 19 फरवरी, 2025 के बीच पुलिस को शहर भर में आवारा गायों से संबंधित 25,393 शिकायतें मिलीं, जिनमें से मुख्य रूप से यातायात में व्यवधान और दुर्घटनाओं से संबंधित शिकायतें थीं।

नीलम पहलवान, गजेंद्र द्राल और मनोज कुमार शौकीन समेत अन्य विधायकों ने भी अपनी चिंताएं साझा कीं। शकूर बस्ती के विधायक करनैल सिंह ने उन मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की जो अपनी गायों को सड़कों पर छोड़ देते हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को हाल में आवारा पशुओं से उत्पन्न परेशानी का अनुभव तब हुआ जब उनका काफिला हैदरपुर फ्लाईओवर पर गायों द्वारा सड़क को अवरुद्ध किये जाने के कारण 15 मिनट तक रुका रहा। घटना के बाद, उन्होंने अधिकारियों को आवारा पशुओं के लिए उचित आश्रय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके बाद विधानसभा में निजी सदस्य के प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित कर दिया गया, जिससे आगामी विधेयक के लिए मार्ग प्रशस्त हो गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)