देश की खबरें | भाजपा महासचिव बीएल संतोष रविवार को त्रिपुरा आयेंगे

अगरतला, 24 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बी एल संतोष राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए रविवार को त्रिपुरा आयेंगे। पार्टी की प्रदेश इकाई के एक शीर्ष नेता ने इसकी जानकारी दी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के जनवरी के पहले सप्ताह में त्रिपुरा आने की संभावना है और राष्ट्रीय महासचिव का यह दौरा दोनों शीर्ष नेताओं की यात्रा से पहले हो रहा है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्जी ने शनिवार को बताया, ‘‘बी एल संतोषजी प्रदेश के दो दिन के दौरे पर (रविवार को) यहां आ रहे हैं। वह यहां विधानसभा चुनावों के लिये सांगठनिक तैयारियों की समीक्षा करेंगे।’’

भाजपा सूत्रों ने बताया कि इस दौरान संतोष राज्य के चुनाव प्रबंधन समिति के साथ बैठक करेंगे। उन्होंने बताया कि वह मुख्यमंत्री मानिक साहा और पार्टी के फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे।

भट्टाचार्जी ने कहा, ‘‘उनका दौरा पूरी तरह संगठन के लिये है।’’

सत्तारूढ़ दल ने राज्य भर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इसने अपने घोषणापत्र के लिए लोगों की आकांक्षाओं को लेकर सुझाव मांगे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)