नयी दिल्ली, 22 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के नेताओं ने मंगलवार को शहर के सात लोकसभा क्षेत्रों के लिए वीडियो वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिनके माध्यम से जनता को बताया जाएगा कि दिल्ली सेवा विधेयक संसद में लाना क्यों जरूरी था।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने यह जानकारी दी।
दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र शासन संशोधन विधेयक को दिल्ली सेवा विधेयक भी कहा जाता है जिसे लोकसभा और राज्यसभा ने इसी महीने पारित किया था। राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद यह कानून बन चुका है।
इस कानून में दिल्ली में अधिकारियों की तैनाती और उनके स्थानांतरण समेत सेवा मामलों में केंद्र के नियंत्रण का प्रावधान है।
सचदेवा ने कहा कि ये वीडियो वाहन प्रत्येक लोकसभा सीट में विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे और दिल्ली की जनता को बताया जाएगा कि सेवा विधेयक लाना क्यों जरूरी था।
उन्होंने कहा ‘‘सेवा विधेयक दिल्ली को केजरीवाल सरकार से बचाने के लिए जरूरी था जो अपने निहित स्वार्थ की पूर्ति कर रही है और भ्रष्टाचार में लिप्त है।’’
मोबाइल वैन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा नेताओं के संसद तथा बाहर के वीडियो के माध्यम से सेवा विधेयक की आवश्यकता के बारे में बताने की व्यवस्था की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY