देश की खबरें | मेकेदातु परियोजना पर भाजपा नाटक कर रही है: कांग्रेस

चेन्नई, तीन जुलाई कांग्रेस की तमिलनाडु इकाई ने आरोप लगाया है कि भाजपा मेकेदातु परियोजना का विरोध करते हुए नाटक कर रही है जबकि उसके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने बसवराज बोम्मई नीत पूर्ववर्ती कर्नाटक सरकार को मेकेदातु जलाशय बनाने की अनुमति दी थी।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के दावे को सोमवार को खारिज किया।

प्रदेश कांग्रेस प्रमुख के .एस अलागिरि ने रविवार को एक वीडियो जारी कर भाजपा पर भावनात्मक मुद्दे पर तमाशा करने का आरोप लगाया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई।

अलागिरि ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘‘भाजपा असली दोषी है और दूसरों पर दोष मढ़ने का प्रयास कर रही है। बोम्मई सरकार ने इस परियोजना के लिए मंजूरी प्राप्त कर ली थी।’’

भाजपा पर "नाटक" करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि द्रमुक सरकार और कांग्रेस दोनों इस परियोजना का विरोध करने को लेकर स्पष्ट हैं।

उन्होंने कहा, "कर्नाटक उच्चतम न्यायालय के फैसले की अवहेलना करते हुए तमिलनाडु को पानी देने से इनकार नहीं कर सकता।"

अलागिरि के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नारायणन तिरुपति ने कहा कि केंद्र ने कर्नाटक को कोई मंजूरी नहीं दी। उन्होंने कहा, ‘‘असल में सरकार (केंद्र) ने कर्नाटक सरकार की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को मंजूरी देने से इनकार कर दिया था। एक पार्टी के नेता के रूप में, अलागिरि को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले तथ्यों को जानना चाहिए था।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)