देश की खबरें | भाजपा में मीडिया का सामना करने का साहस नहीं, कांग्रेस मीडियाकर्मियों को सहयोगी मानती है : राहुल

अडोनी (आंध्र प्रदेश) , 19 अक्टूबर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मीडिया से डरती है, क्योंकि वह सच का सामना नहीं कर सकती, लेकिन कांग्रेस में मीडियाकर्मियों का सामना करने का साहस है।

गांधी ने कहा, ‘‘कांग्रेस के पास पत्रकारों का सामना करने का साहस है। हम भयभीत नहीं हैं, लेकिन भाजपा सच का सामना करना पसंद नहीं करती और वह पत्रकारों से डरती है।’’

उन्होंने यहां ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शिविर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘क्या आपने संज्ञान लिया है कि मेरे ऊपर देशव्यापी स्तर पर हमले हो रहे हैं। आप जानते हैं कि मेरे ऊपर एवं मेरी छवि पर हमले किये जाते हैं।’’

वह देश में मीडिया पर बढ़ रहे हमलों के बारे में एक पत्रकार द्वारा पूछे गये सवाल का जवाब दे रहे थे।

केरल के वायनाड से सांसद गांधी ने कहा, ‘‘क्या कभी आपने प्रधानमंत्री को इस तरह का संवाददाता सम्मेलन आयोजित करते देखा है?’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एक ‘संस्कृति’ है, जहां पत्रकारों को अपने सहयोगी के तौर पर देखा जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम जानना और समझना चाहते हैं कि क्या चल रहा है। हम पत्रकारों को वैसे व्यक्ति के तौर पर देखते हैं जो हमें शासन के लिए सूचना प्रदान करते हैं, न कि हम उन्हें चुप कराना चाहते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)