देश की खबरें | भारतीय मुसलमानों के खिलाफ नफरत पैदा कर रही है भाजपा: ओवैसी

हैदराबाद, 29 अप्रैल ऑल-इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर देश में मुसलमानों के खिलाफ नफरत पैदा करने का आरोप लगाया।

ओवैसी ने इसके साथ ही भाजपा और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि उसने मुस्लिमों के खिलाफ युद्ध घोषित कर दिया है।

ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नफरत की घटनाओं को रोकने की मांग करते हुए कहा कि इससे देश कमजोर हो रहा है। एआईएमआईएम अध्यक्ष एवं हैदराबाद के सांसद ने कहा, ‘‘हमारे देश में भाजपा ने मुसलमानों के खिलाफ नफरत का माहौल खड़ा किया गया है। मुसलमान धैर्य और साहस नहीं खोते हैं। संविधान के भीतर रहकर इस उत्पीड़न से लड़ें।’’

ओवैसी ने रमजान के आखिरी शुक्रवार की नमाज के मौके पर यहां मक्का मस्जिद परिसर में ‘जलसे यौम-उल-कुरान’ को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भाजपा मुसलमानों पर इतना दबाव डालना चाहती है और उन्हें चोट पहुंचाना चाहती है ताकि वे अंत में हथियार उठा लें...।’’

ओवैसी ने आरोप लगाया, ‘‘हम प्रधानमंत्री से इस नफरत को रोकने के लिए कहना चाहते हैं। यह देश को कमजोर कर रहा है। आपकी पार्टी और आपकी सरकार या शासन ने भारतीय मुसलमानों के खिलाफ युद्ध की घोषणा की है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम इस देश के सम्मानित नागरिक हैं। हमारा जीवन भी मायने रखता है।’’

बुलडोजर विवाद का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि मध्य प्रदेश के खरगोन शहर और सेंधवा में मुसलमानों के घर गिराए गए। उन्होंने कहा, ‘‘मुसलमानों का बहिष्कार करने और उनकी दुकानों से खरीदारी नहीं करने का आह्वान किया जाता है। हाल ही में हरियाणा में खुद को 'गौ रक्षक' कहने वालों ने एक बुजुर्ग की दाढ़ी पकड़ ली और उसकी पिटाई कर दी।

उन्होंने कहा कि इसी तरह, एक अन्य व्यक्ति को यह आरोप लगाते हुए कि उसके घर से ले जाया गया उसने एक गाय का वध किया है और उसे भी पीटा गया।’’

अपने संबोधन के दौरान भावुक हुए ओवैसी ने मुसलमानों से कहा कि वे उम्मीद और हिम्मत नहीं हारें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)