देश की खबरें | वडोदरा के महापौर पर भ्रष्टाचार के आरोप का गुमनाम पत्र भेजने के आरोप में भाजपा पार्षद गिरफ्तार

वडोदरा, 24 जुलाई गुजरात के वडोदरा शहर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पार्षद को शहर के महापौर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाला एक गुमनाम पत्र पार्टी के स्थानीय नेताओं और अन्य लोगों को भेजने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि शहर की अपराध शाखा ने वडोदरा नगर निगम (वीएमसी) के एक पार्षद को विभिन्न लोगों को एक मानहानिकारक पत्र भेजने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पत्र में दावा किया गया है कि महापौर नीलेश राठौड़ भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में आरोपी पार्षद के बहनोई और एक अन्य व्यक्ति को कुछ दिन पहले गिरफ्तार किया था।

उन्होंने बताया कि आरोपी पार्षद वीएमसी में सत्तारूढ़ दल का नेता था और उसने मामले में अपने बहनोई की गिरफ्तारी के बाद पद से इस्तीफा दे दिया था।

अधिकारी के अनुसार, वडोदरा में भाजपा नेताओं को महापौर पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाला गुमनाम पत्र मिला था, जिसके बाद शहर की अपराध शाखा ने एक प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, महापौर और उनके भाई पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाला पत्र फर्जी प्रतीत होता है और यह मानहानिकारक भी है।

विज्ञप्ति के अनुसार, पत्र में आरोप लगाया गया था कि शहर के महापौर विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी देकर करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार में कथित तौर पर लिप्त रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)