देश की खबरें | महिला प्रत्याशी पर कमलनाथ की टिप्पणी की भाजपा ने की निंदा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

दतिया (मध्यप्रदेश), 18 अक्टूबर उपचुनाव के लिए अपने पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार के दौरान मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो चुकी अपने मंत्रिमंडल की तत्कालीन महिला के लिए ‘आइटम’ शब्द का उपयोग कर रहे हैं।

इस बयान पर भाजपा ने कमलनाथ को सामंतवादी सोच वाला व्यक्ति बताकर उन्हें घेरना शुरू कर दिया है।

यह भी पढ़े | कल से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का तीन दिवसीय वायनाड दौरा: 18 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

गौरतलब है कि राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को उपचुनाव होना है।

इमरती देवी के खिलाफ डबरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे के लिए चुनाव प्रचार करते हुए कमलनाथ ने रविवार को कहा, ‘‘डबरा से सुरेश राजे जी हमारे उम्मीदवार हैं। सरल स्वभाव के, सीधे-सादे हैं। ये तो उसके जैसे नहीं हैं। क्या है उसका नाम?’’ इसी बीच वहां मौजूद जनता जोर-जोर से ‘इमरती देवी’, ‘इमरती देवी’ कहने लगती है।

यह भी पढ़े | दिल्ली: डेंगू विरोधी अभियान में व्यापारियों ने बढ़-चढ़ कर लिया हिस्सा, सीएम अरविंद केजरीवाल ने की तारीफ.

इसके बाद कमलनाथ ने हंसते हुए कहा, ‘‘मैं क्या उसका (डबरा की भाजपा प्रत्याशी) नाम लूं। आप तो उसको मेरे से ज्यादा पहचानते हैं। आपको तो मुझे पहले ही सावधान कर देना चाहिए था। ये क्या आइटम है? ये क्या आइटम है?’’

इस पर वहां मौजूद जनता ने खूब तालियां बजाई और कमलनाथ हंसते हुए मंच से दोहराते रहे, ‘‘ये क्या आइटम है? सुरेश राजे जी का साथ दीजिएगा।’’

इस पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ पर पलटवार करते हुए कहा कि एक महिला के लिए कमलनाथ ने ‘आइटम’ जैसे शब्द का उपयोग कर अपनी सामंतवादी सोच फिर उजागर कर दी है।

चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘कमलनाथ जी! इमरती देवी उस गरीब किसान की बेटी का नाम है जिसने गाँव में मजदूरी करने से शुरुआत की और आज जनसेवक के रूप में राष्ट्रनिर्माण में सहयोग दे रही हैं। कांग्रेस ने मुझे ‘भूखा-नंगा’ कहा और एक महिला के लिए आपने ‘आइटम’ जैसे शब्द का उपयोग कर अपनी सामंतवादी सोच फिर उजागर कर दी।’’

उन्होंने आगे लिखा, ‘‘खुद को ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ बताने वाले ऐसी ‘अमर्यादित ’ का प्रयोग कर रहे हैं? नवरात्रि के पावन पर्व पर देश नारी की उपासना कर रहा है, ऐसे में आपके बयान से आपकी ओछी मानसिकता झलकती है। बेहतर होगा कि आप अपने शब्द वापिस लें और इमरती देवी सहित प्रदेश की हर बेटी से माफी माँगें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)