प्रयागराज, 10 मार्च उत्तर प्रदेश में प्रयागराज की 12 विधानसभा सीटों में से आठ सीटों पर भाजपा और इसके सहयोगी दलों के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। इनमें मौजूदा सरकार में मंत्री और शहर पश्चिमी सीट से भाजपा प्रत्याशी सिद्धार्थ नाथ सिंह और शहर दक्षिणी से नंद गोपाल गुप्ता शामिल हैं।
मुंडेरा मंडी परिसर में निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी परिणामों के मुताबिक, शहर पश्चिम सीट से भाजपा प्रत्याशी सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सपा प्रत्याशी ऋचा सिंह को 29,457 मतों के अंतर से हराया।
इसी प्रकार, मौजूदा सरकार में मंत्री और शहर दक्षिणी सीट से भाजपा प्रत्याशी नंद गोपाल गुप्ता ने सपा प्रत्याशी रईश चंद्र शुक्ला को 26,417 मतों से हराया। वहीं, शहर उत्तरी से भाजपा प्रत्याशी हर्षवर्धन वाजपेयी ने सपा के संदीप यादव को 54,883 मतों से हराया।
हालांकि, सत्तारूढ़ भाजपा को चार सीटों पर सपा से शिकस्त खानी पड़ी। इनमें मेजा सीट पर सपा के संदीप सिंह ने भाजपा प्रत्याशी नीलम करवरिया को 3,439 मतों से हराया। वहीं, हंडिया सीट से सपा प्रत्याशी हाकिम लाल बिंद ने भाजपा की सहयोगी निषाद पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत कुमार सिंह को 3,543 मतों से हराया।
इसी प्रकार, प्रतापपुर सीट से सपा प्रत्याशी विजमा यादव ने जीत हासिल की और उन्होंने भाजपा की सहयोगी अपना दल (एस) के प्रत्याशी राकेशधर त्रिपाठी को 10,956 मतों से हराया। वहीं, सोरांव सीट से सपा की गीता पासी ने अपना दल (एस) प्रत्याशी जमुना प्रसाद सरोज को 5,590 मतों से हराया।
हालांकि, भाजपा ने सपा का गढ़ रही करछना सीट पर जीत हासिल की है। करछना सीट से भाजपा प्रत्याशी पीयूष रंजन निषाद ने सपा प्रत्याशी उज्ज्वल रमण सिंह को 9,328 मतों से हराया। कोरांव सीट भी भाजपा के खाते में आई जहां भाजपा प्रत्याशी राजमणि ने सपा प्रत्याशी रामदेव को 24,487 मतों से हराया।
इसी प्रकार, फूलपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल ने जीत हासिल की। उन्होंने सपा के मुजतबा सिद्दीकी को 2,732 मतों से हराया। फाफामऊ सीट पर भाजपा के गुरुप्रसाद मौर्य ने सपा के अंसार अहमद को 14,324 मतों से हराया।
वर्ष 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में इलाहाबाद की 12 सीटों में से 9 सीटों पर भाजपा, दो सीटों (हंडिया और प्रतापपुर) पर बसपा और एक सीट करछना पर सपा ने जीत हासिल की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY