पटना, आठ जनवरी भाजपा की बिहार इकाई ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर महिलाओं के एक समारोह में ‘‘अभद्र टिप्पणी’’ करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने नीतीश से अपनी टिप्पणी पर माफी मांगने की मांग की है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित अपने अन्य कैबिनेट सहयोगियों के साथ अपनी राज्यव्यापी ‘‘समाधान यात्रा’’ के तीसरे दिन शनिवार को वैशाली जिले का दौरा किया था।
स्वयं सहायता समूह ‘जीविका’ से जुड़ी महिलाओं के साथ बातचीत करते हुए नीतीश ने जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने में शिक्षित, सशक्त महिलाओं द्वारा निभाई गई भूमिका के बारे में बात की थी।
जद (यू) नेता नीतीश ने यह भी संकेत दिया कि पुरुष जनसंख्या नियंत्रण को लेकर अपनी पत्नी की तरह अक्सर समान भावना नहीं दिखाते हैं।
नीतीश कुमार जनसंख्या नियंत्रण के लिए कठोर कानून बनाए जाने की भाजपा की मांग का विरोध करते रहे हैं।
नीतीश के भाषण का एक छोटा सा वीडियो क्लिप वायरल हो गया है जिसमें मुख्यमंत्री को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘‘मर्द लोग तो रोज-रोज करते ही रहता है।’’
पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने रविवार को कहा कि प्रजनन दर को लेकर महिलाओं पर ‘‘अभद्र टिप्पणी’’ के लिए नीतीश को माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजद की संगत में जाने के बाद से नीतीश कुमार की मर्यादा और संवेदनशीलता खोते जा रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY