नयी दिल्ली, 19 जून ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से संपर्क मुश्किल होने का संकेत देते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता डेरेक ओब्रायन ने सोमवार को कहा कि बीजू जनता दल (बीजद) ‘‘अनौपचारिक रूप से’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ है।
एक तरफ भाजपा और दूसरी तरफ विपक्षी दलों के साथ संतुलन बनाने का प्रयास करने वाले पटनायक ने 27 मई को नयी दिल्ली में नीति आयोग की बैठक में भाग नहीं लिया और अगले दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह में भी शामिल नहीं हुए।
विपक्षी दल उद्घाटन समारोह से अलग रहे, लेकिन बीजद प्रमुख ने उद्घाटन समारोह में पार्टी के 21 सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल भेजा।
राज्यसभा में तृणमूल के नेता ओ ब्रायन ने कहा, ‘‘दो लोग हैं जो फासीवाद का पक्ष ले रहे हैं और उनमें से एक नवीन पटनायक हैं जो अनौपचारिक रूप से भाजपा के साथ हैं। वह आरएसएस को खुश करने के लिए काम कर रहे हैं। वह मणिपुर में खतरनाक स्थिति या वहां 250 गिरजाघरों को जलाने के बारे में नहीं बोलेंगे।’’
विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता पटनायक को अपने खेमे में शामिल करने के लिए प्रयास कर रहे हैं। इस कवायद में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले दिनों ओडिशा में पटनायक से मुलाकात की थी।
हालांकि, 2008 में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से बाहर हो चुके पटनायक ने संकेत दिया है कि उनकी पार्टी विपक्षी तीसरे मोर्चे का हिस्सा नहीं होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY