देश की खबरें | बिहार कांग्रेस ने राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने को प्रस्ताव पारित किया

पटना, 19 सितंबर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी (बीपीसीसी) ने राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव सोमवार को सर्वसम्मति से पारित किया।

बिहार कांग्रेस की ओर से यह प्रस्ताव कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की शुरुआत से पहले पारित किया गया है।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव एक बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया। सभी ने इसका समर्थन किया। इसके अलावा, राज्य के लिए एक कार्यकारी समिति के गठन के लिए पार्टी आलाकमान को अधिकृत करने वाला एक प्रस्ताव भी पारित किया गया।’’

बैठक में कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्त चरण दास और इसकी प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मदन मोहन झा मौजूद थे।

इससे पहले दिन में, तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित करके राहुल गांधी से पार्टी का नेतृत्व संभालने का आग्रह किया ताकि 2024 के लोकसभा चुनाव में धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक ताकतों की जीत सुनिश्चित हो सके।

इससे पहले गुजरात, छत्तीसगढ़ और राजस्थान समेत कई प्रदेश कांग्रेस कमेटी राहुल गांधी से पार्टी का नेतृत्व करने का आग्रह करते हुए प्रस्ताव पारित कर चुकी हैं।

कांग्रेस ने पिछले महीने घोषणा की थी कि पार्टी अध्यक्ष का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा। परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)