रांची, 26 जून झारखंड की राजधानी रांची के मांडर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए 23 जून को हुए मतदान की मतगणना का कार्य जारी है और 13वें चरण में सत्ताधारी गठबंधन की संयुक्त प्रत्याशी कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की को अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की गंगोत्री कुजूर से 10455 मतों की अच्छी बढ़त प्राप्त हो गयी है। जिससे अब उनकी जीत की संभावना बढ़ गयी है।
मांडर विधानसभा उपचुनाव के लिए हो रही मतगणना में 13वें चरण की मतगणना संपन्न होने पर जहां शिल्पी नेहा तिर्की को कुल 57738 मत प्राप्त हुए हैं, वहीं पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर को 47283 मत प्राप्त हुए हैं।
तीसरे स्थान पर एआइएमआइएम समर्थित प्रत्याशी भाजपा से निष्कासित देव कुमार धान को 17150 मत प्राप्त हुए हैं।
इस त्रिकोणीय मुकाबले में दोनों प्रमुख प्रत्याशियों को मिले मतों से स्पष्ट है कि यहां कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला हो रहा है और सत्ताधारी गठबंधन समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार शिल्पी के जीतने के पूरे आसार हैं।
आय से अधिक संपत्ति के मामले में तीन वर्ष कैद की सजा पाने के बाद बंधु तिर्की की सदस्यता समाप्त होने के चलते 23 जून को मांडर सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हुआ था। शिल्पी नेहा तिर्की बंधु तिर्की की बेटी हैं।
23 जून को हुए मतदान में 2 लाख 17 हजार मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रवि कुमार ने बताया कि आज सुबह 8 बजे से रांची के पंडरा कृषि बाजार मंडी में मांडर उपचुनाव की मतगणना भारी सुरक्षा के बीच प्रारंभ हुई। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने मतगणना के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा की व्यवस्था की है।
मतदान में कुल 61.25 प्रतिशत मतदान हुआ था। रांची में अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित मांडर विधानसभा सीट से गंगोत्री कुजूर वर्ष 2014 में भाजपा की विधायक रह चुकी हैं।
, इन्दु
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY