भावनगर (गुजरात), 13 सितंबर राजस्थान के भरतपुर में बुधवार को एक बस दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों को गुजरात के उनके मूल स्थान लाने के लिए पड़ोसी राज्य का स्थानीय प्रशासन एंबुलेंस की व्यवस्था कर रहा है। वहीं, 33 लोगों को एक बस से भेजा जाएगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
हादसे में मारे गए 12 लोग और 11 घायल भावनगर जिले के दिहोर गांव के रहने वाले हैं।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
पटेल ने सोशल मीडिया पर कहा, “राजस्थान के भरतपुर के पास सड़क हादसे की घटना बेहद स्तब्ध करने वाली है। हादसे में गुजरात के तीर्थयात्रियों की मौत हुई है। मैं सभी मृतकों के परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से घायल तीर्थयात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
उन्होंने कहा, “दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार मृतक और घायल तीर्थयात्रियों के परिजनों के साथ खड़ी है।”
पटेल ने कहा कि भावनगर प्रशासन भरतपुर में स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है।
भावनगर के कलेक्टर आरके मेहता ने कहा कि राजस्थान के भरतपुर जिले में बुधवार तड़के एक निजी बस को एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी जिसमें गुजरात के कम से कम 12 यात्रियों की मौत हो गई और 11 अन्य जख्मी हो गए। उन्होंने बताया कि घटना के वक्त बस खराब हो गई थी और उसकी मरम्मत की जा रही थी।
मेहता ने कहा कि बस भावनगर के दिहोर से तीर्थयात्रियों को उत्तर प्रदेश के मथुरा (तीर्थयात्रा) पर ले जा रही थी।
कलेक्टर ने कहा, “उनकी बस भरतपुर जिले में तड़के खराब हो गई थी और उसे ठीक किया जा रहा था तभी ट्रक ने पीछे से उसे टक्कर मार दी। 12 मृतकों में वे यात्री शामिल हैं जो बस से उतर गए थे और वे भी शामिल हैं जो बस में बैठे हुए थे। 11 अन्य जख्मी हुए हैं। 33 अन्य यात्री सुरक्षित हैं।”
मेहता ने कहा कि राजस्थान में स्थानीय प्रशासन ने शवों को उनके मूल स्थानों तक ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की है।
कलेक्टर ने कहा, “33 अन्य यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें भेजने के लिए एक बस की व्यवस्था की जा रही है। हम उनके परिवार के सदस्यों के भी संपर्क में हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY