मांड्या (कर्नाटक), छह अक्टूबर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 29वें दिन बृहस्पतिवार को अपने पुत्र राहुल गांधी और अन्य नेताओं के साथ पदयात्रा कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान कई बार मां और बेटे के प्रेम की झलक भी देखने को मिली।
पदयात्रा के दौरान की माता और पुत्र के स्नेह से जुड़ी कई तस्वीरों को कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर साझा भी किया।
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा और उनके परिवार के असर वाले क्षेत्र मांड्या में राहुल गांधी और अन्य ‘भारत यात्रियों’ ने सुबह के समय पदयात्रा आरंभ की तो उनके साथ सोनिया गांधी भी पैदल चलीं। वह करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलीं और फिर वाहन के जरिये इसका हिस्सा बनी रहीं। वह दो घंटे से अधिक समय तक यात्रा में शामिल रहीं।
राहुल गांधी ने पदयात्रा की मां के साथ अपनी तस्वीर ट्विटर पर साझा करते हुए कहा, ‘‘हम पहले भी तूफानों से कश्ती निकाल कर लाए हैं, हम आज भी हर चुनौतियों की हदें तोड़ेंगे, मिलकर भारत जोड़ेंगे।’’
इस यात्रा के 29वें दिन भी राहुल गांधी ने रोज की तरह समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से मुलाकात और बातचीत की।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बताया, ‘‘यात्रा के 29वें दिन दोपहर की बातचीत के दौरान राहुल गांधी गन्ना,बाजरा और डेयरी किसानों से मिले।आत्महत्या कर चुके किसानों के परिवारों से भी मुलाकात की।किसानों ने घटती आय और बढ़ते क़र्ज़ का मुद्दा उठाया। सिर्फ़ मांड्या में पिछले साल 150 से अधिक किसानों ने आत्महत्या की है।’’
सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य लोग जब पैदल चल रही थीं तो सड़क के दोनों तरफ बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा खड़े नजर आए।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना कर रहीं सोनिया गांधी भले ही करीब एक किलोमीटर पैदल चली हों, लेकिन इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं का उत्साह और बढ़ गया।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने 'पीटीआई-' से कहा, "सोनिया गांधी जी के इस यात्रा में शामिल होने से आज लोगों का उत्साह और बढ़ गया है। कर्नाटक में जनता की बहुत ही सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY