देश की खबरें | भारत जोड़ो यात्रा: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल ने की कदमताल, परिवार समेत दिल्ली लौटीं प्रियंका

उमेरिया (मध्यप्रदेश), 26 नवंबर राहुल गांधी की अगुवाई वाली "भारत जोड़ो यात्रा" में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को शामिल हुए, जबकि कांग्रेस के उत्तर प्रदेश मामलों की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा यात्रा से विदा लेकर दिल्ली लौट गईं।

यात्रा में पिछले तीन दिन से शामिल प्रियंका ने पति रॉबर्ट वाद्रा और बेटे रेहान के साथ शनिवार को सुबह पैदल चलना शुरू किया।

हालांकि, कुछ दूर चलने के बाद वह चाय के अवकाश के समय यात्रा से विदा लेकर परिवार समेत दिल्ली लौट गईं। कांग्रेस के एक नेता ने यह जानकारी दी।

मध्यप्रदेश में "भारत जोड़ो यात्रा" के चौथे दिन राहुल गांधी की अगुवाई में खंडवा जिले के मोरटक्का से सैकड़ों लोगों ने पैदल चलना प्रारंभ किया।

मनिहार में भोजन और विश्राम के बाद यात्रा उमेरिया चौकी से प्रारंभ हुई जहां से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल मंत्रिमंडल के अपने सहयोगी टीएस सिंहदेव के साथ शामिल हो गए।

बलवाड़ा से आगे पहाड़ी और जंगली रास्ता होने से गांधी और यात्रा में शामिल अन्य लोग गाड़ियों से संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आम्बेडकर की जन्मस्थली महू के लिए रवाना हुए।

भाजपा शासित मध्यप्रदेश में गांधी की अगुवाई वाली यात्रा 23 नवंबर को बुरहानपुर जिले से दाखिल हुई थी।

कांग्रेस के घोषित कार्यक्रम के मुताबिक यह यात्रा चार दिसंबर को राजस्थान में दाखिल होने से पहले, 12 दिन के भीतर पश्चिमी मध्यप्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में 380 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

इस कृषि प्रधान अंचल में आदिवासियों की बड़ी आबादी रहती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)