कोलकाता, 31 दिसंबर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को तबला वादक बिक्रम घोष और अभिनेता विक्टर बनर्जी से मुलाकात की।
भागवत कोलकाता के दो दिवसीय दौरे पर हैं। भागवत ने घोष के साल्ट लेक स्थित आवास का दौरा किया और बंद कमरे में बैठक की।
घोष ने आरएसएस प्रमुख भागवत के जाने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘उन्होंने (भागवत) काफी समय तक मेरी, मेरे गुरु पंडित एस शेखरजी (जाने माने मृदंगम वादक) और सितारवादक अभिषेक मलिक की प्रस्तुतियां सुनीं।"
तबला वादक घोष ने कहा कि भागवत ने उनके घर पर भोजन करने से पहले संगीत से लेकर कला सीखने तक, कई चीजों पर चर्चा की।
भागवत अभिनेता विक्टर बनर्जी के आवास भी गए और उनके साथ बैठक की। बनर्जी ने 1991 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर कोलकाता उत्तर पश्चिम सीट से चुनाव लड़ा था लेकिन चुनाव हार गए थे।
आरएसएस प्रमुख ने शनिवार को कोलकाता पहुंचने के तुरंत बाद आल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे से मुलाकात की। चौबे ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कृष्णानगर सीट पर तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा के खिलाफ भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
भागवत ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के पूर्व अतिरिक्त निदेशक उपेन बिस्वास से भी मुलाकात की थी, जो 2011 और 2016 तक ममता बनर्जी सरकार में मंत्री थे।
भागवत का आरएसएस के प्रदेश मुख्यालय केशव भवन में बंद कमरे में एक संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता किये जाने का भी कार्यक्रम है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY