कारगिल, दो जुलाई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृष्णा अल्लावरू ने रविवार को कहा कि बेंगलुरु में आगामी राष्ट्रीय युवा सम्मेलन अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव पर ध्यान केंद्रित करने के साथ ही युवाओं की आकांक्षाओं और उनके दृष्टिकोण को समझेगा।
उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन वर्चुअल तौर पर 2024 के आम चुनाव के लिए पार्टी के अभियान की शुरुआत है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के संयुक्त सचिव अल्लावरू यहां युवा कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता और देशभर के पदाधिकारी इस सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं, जो बेंगलुरु में 10 जुलाई से 12 जुलाई तक आयोजित होगा। यह वर्चुअल तौर पर 2024 के आम चुनाव के लिए हमारे अभियान की शुरुआत है।’’
अल्लावरू ने कहा, ‘‘हमसे ‘अच्छे दिनों’ का वादा किया गया था, लेकिन हम पिछले नौ साल से (भाजपा नीत केंद्र सरकार में) सबसे खराब दिनों का सामना कर रहे हैं। गैस सिलेंडर की कीमत 1,000 रुपये के पार हो गई है और पेट्रोल का मूल्य भी प्रति लीटर 100 रुपये से अधिक हो गया है। बेरोजगारी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। चीन ने लद्दाख में घुसपैठ की और वह अब भी वहां है।’’
भाजपा की ओर से बार-बार ‘कांग्रेस मुक्त’ भारत का नारा देने के सवाल पर अल्लावरू ने कहा कि उनकी इस बात में रुचि नहीं है कि भाजपा क्या कह रही है, बल्कि कांग्रेस चाहती है कि देश बेरोजगारी, मुद्रास्फीति और नफरत से मुक्त हो।
उन्होंने कहा कि (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी और भाजपा खोखले वादे करते हैं, लेकिन यह कांग्रेस की परंपरा नहीं है, क्योंकि पार्टी अपने वादों पर अमल करती है।
राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के लद्दाख नहीं जाने के सवाल पर अल्लावरू ने कहा कि देश के बहुत से हिस्से हैं, जो ‘कन्याकुमारी से कश्मीर’ के मार्ग पर नहीं स्थित हैं।
हालांकि, उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थानीय इकाई ने यात्रा के दायरे में नहीं आने वाले क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY