देश की खबरें | बेंगलुरु पुलिस ने भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की

बेंगलुरु/नयी दिल्ली, 28 जून कर्नाटक पुलिस ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का कथित रूप से मजाक उड़ाते हुए पोस्ट किए गए एक वीडियो से ‘समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने’ तथा ‘लोगों को उकसाने’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की है। दिल्ली में भाजपा नेताओं ने इस कदम को सत्ता का दुरूपयोग बताया।

कांग्रेस के एक नेता की शिकायत पर अमित मालवीय के खिलाफ यह प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

कांग्रेस नेता का आरोप है कि मालवीय ने कांग्रेस और राहुल गांधी का मजाक उड़ाते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर वैमनस्य को बढ़ावा दिया और लोगों को उकसाने का काम किया।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि मालवीय द्वारा किए गए एक ट्वीट के सिलसिले में कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के सदस्य रमेश बाबू ने यह शिकायत दर्ज कराई थी। ट्वीट के साथ साझा किए गए एक एनीमेटेड वीडियो में कथित रूप से राहुल गांधी और कांग्रेस को खराब तरीके से दर्शाया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, मालवीय ने वीडियो ट्वीट करते हुए साथ में लिखा, ‘‘राहुल गांधी खतरनाक हैं और वे कपटपूर्ण खेल, खेल रहे हैं तथा सैम पी जैसे लोग अधिक खतरनाक हैं जो ‘रागा’ का राग अलाप रहे हैं। वे भारत के कट्टर विरोधी हैं, वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को शर्मिंदा करने के लिए विदेशों में भारत को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं।’’

प्राथमिकी दर्ज होने के तुरंत बाद, मालवीय ने उसी ट्वीट को एक कैप्शन के साथ फिर से पोस्ट किया, ‘‘राहुल गांधी विदेशी ताक़तों का मोहरा?’’

पुलिस ने बताया कि मालवीय के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं 153 (ए), 120 (बी), 505 (2) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और ‘सद्भाव बनाए रखने के लिहाज से हानिकारक कार्य करने’ और साजिश से संबंधित है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)