बेंगलुरु, 18 जून शहर स्थित केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 से टर्मिनल-2 तक जा रही एक शटल बस रविवार सुबह एक खंभे से टकरा गई जिससे इसमें सवार 10 लोग घायल हो गए। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया जिनमें से पांच लोगों को छुट्टी दे दी गई है।
इस संबंध में जारी एक बयान में कहा गया, "18 जून, 2023 को सुबह सवा पांच बजे बेंगलुरु हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 और टर्मिनल-2 के बीच चलने वाली एक शटल बस टर्मिनल-2 आगमन/निकास मार्ग के पास एक खंभे से टकरा गई, जिससे 10 लोगों को मामूली चोटें आईं। बस में चालक दल के दो सदस्यों सहित कुल 17 लोग सवार थे।"
बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (बीआईएएल) के प्रवक्ता ने बयान में कहा, "घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।"
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
इस बीच, शटल बस का संचालन करने वाली कंपनी एआईएसएटीएस ने एक बयान जारी कर घटना पर खेद जताया।
इसने एक बयान में कहा, "चालक दल के दो सदस्य और 15 यात्रियों को ले जा रही एक शटल बस बेंगलुरु हवाई अड्डे पर टर्मिनल-1 और टर्मिनल-2 के बीच एक खंभे से टकरा गई, जिसका हमें गहरा खेद है।"
कंपनी ने कहा कि छह यात्रियों को मामूली चोट लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, ताकि उनकी अच्छी देखभाल सुनिश्चित की जा सके तथा बाकी यात्रियों को मेडिकल टीम द्वारा जांच किए जाने के बाद गंतव्यों पर जाने दिया गया।
बयान में कहा गया, "हमारे यात्रियों और कर्मचारियों की भलाई और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमने आगे की जांच के लिए अधिकारियों को पूरा समर्थन दिया है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY