कोलकाता, 17 अगस्त पश्चिम बंगाल सरकार ने यादवपुर विश्वविद्यालय के एक छात्र की मृत्यु के मामले में प्रशासनिक खामियों की जांच के लिए चार सदस्यीय एक समिति का गठन किया है।
छात्रावास की बालकनी से गिरकर एक छात्र की मौत हो गई थी और ऐसा आरोप है कि छात्र की उसके वरिष्ठ छात्रों ने रैगिंग की थी और यौन उत्पीड़न किया था।
अधिकारियों ने बताया कि समिति को दो सप्ताह में अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि समिति के सदस्यों में पश्चिम बंगाल राज्य उच्च शिक्षा परिषद के उपाध्यक्ष (अकादमिक), परिषद के सदस्य सचिव, सार्वजनिक अनुदेश निदेशक और उच्च शिक्षा विभाग के विशेष आयुक्त शामिल हैं।
एक नोटिस में यादवपुर विश्वविद्यालय में कुछ प्रशासनिक खामियों और ढांचागत कमियों का जिक्र किया गया है। इसमें कहा गया है कि समिति इन खामियों का पता लगायेगी और सुधारात्मक कदम उठायेगी।
कोलकाता पुलिस ने प्रथम वर्ष के छात्र की मौत के मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
छात्र नादिया जिले के बगुला का निवासी था। वह स्नातक कक्षा का छात्र था और नौ अगस्त की रात लगभग 11 बजकर 45 मिनट पर छात्रावास की दूसरी मंजिल की बालकनी से गिर गया था। अगले दिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY