कोलकाता, 16 अप्रैल पश्चिम बंगाल में हालिया हिंसा और महिलाओं के खिलाफ अपराध की बढ़ती घटनाओं के लिए विपक्ष की आलोचनाओं की शिकार तृणमूल सरकार के लिए शनिवार का दिन राहत भरा रहा, क्योंकि एक लोकसभा और एक विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनावों में सत्तारूढ़ तृणमूल ने बाजी मारी। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि यह अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जनता की जीत है।
तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि यह नफरत फैलाने वालों से देश को मुक्त कराने की दिशा में एक कदम है।
आसनसोल लोकसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा की अग्निमित्रा पॉल को हराया, जबकि बालीगंज विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में भी इसी दल के बाबुल सुप्रियो ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की सायरा शाह हलीम को 20,228 मतों से शिकस्त दी।
अपने निवास के पास स्थित कालीघाट मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘‘भाजपा और कांग्रेस द्वारा हमलोगों के खिलाफ झूठी अफवाह फैलाये जाने के बावजूद हममें विश्वास जताते के लिए मैं राज्य के लोगों को धन्यवाद देती हूं। यह अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जनता की जीत है।’’
आज दिन में भी बनर्जी ने कई सिलसिलेवार ट्वीट के जरिये दोनों क्षेत्रों के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया था।
ममता के ट्वीट का समर्थन करते हुए पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि लोगों का कल्याण पार्टी की प्राथमिकता रही है।
सिन्हा ने कहा उनकी जीत यह प्रदर्शित करती है कि भगवा पार्टी को हराने के लिए किस प्रकार विभिन्न जातियों और धर्मों के लोग एकजुट हो सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY