देश की खबरें | बंगाल बना ‘हत्याओं का मैदान’, ‘राजनीतिक हत्याएं’ अब सामान्य हो गई हैं: भाजपा
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, पांच अक्टबूर पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में पार्टी के नेता मनीष शुक्ला की हत्या के अगले दिन तृणमूल कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए भाजपा ने सोमवार को आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के राज में यह राज्य ‘‘हत्याओं का मैदान’’ बन गया है और वहां ‘‘राजनीतिक हत्याएं’’ सामान्य हो गई हैं।

शुक्ला की हत्या की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग करते हुए पार्टी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से पूछा कि जिस प्रकार राज्य के बाहर हुई घटनाओं के दौरान वह अपने नेताओं के प्रतिनिधिमंडल भेजती हैं, क्या उसी प्रकार वह भाजपा पार्षद के घर जाएंगी?

यह भी पढ़े | Hathras Gangrape Case: आप सांसद संजय सिंह और MLA राखी बिड़लान पर हाथरस में फेंकी गई काली स्याही- देखें वीडियो.

राज्य के उत्तर 24 परगना जिले के टीटागढ़ के निकट स्थानीय पार्षद मनीष शुक्ला की रविवार को मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने दावा किया कि अब तक राज्य में 115 भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।

यह भी पढ़े | MP Assembly Elections 2020: मध्यप्रदेश में बीजेपी जमीनी नब्ज टटोलने में लगी.

उन्होंने पूछा, ‘‘चोरी और सीनाजोरी का माहौल बनाकर अब तक राज्य में लगभग 115 भाजपा नेताओं या उससे जुड़े कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई है। मैं ममता जी से पूछना चाहता हूं, क्या यही न्याय है? क्या यही बंगाल में लोकतंत्र है ममता जी?’’

पात्रा ने कहा कि नकाबपोश लोगों ने बंदूक निकालकर पुलिस थाने के सामने शुक्ला हत्या कर दी, जो चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा, ‘‘जिस प्रकार यह हत्या हुई वह अपने आप में बहुत ही निंदनीय और चिंता का विषय है। कानून की ड्योढ़ी पर कानून दम तोड़ दे तो इससे ज्यादा दुखद कुछ नहीं हो सकता। तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या का मैदान बना दिया है। बंगाल में राजनीतिक हत्याएं एक न्यू नॉर्मल हो गई हैं।’’

पात्रा ने कहा कि जिस प्रकार आप (ममता) दूसरों राज्यों की घटनाओं के बारे में सवाल उठाती हैं और अपने प्रतिनिधियों को भेजती हैं, क्या आप मनीष शुक्ला के घर जाएंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूछता हूं कि तृणमूल कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को आप कब मनीष शुक्ला के घर भेजेंगी।’’

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल मां दुर्गा की आराधना की भूमि हैं। ‘‘मां ने जैसे त्रिशुल से महिषासुर का वध किया था, वैसे ही पश्चिम बंगाल के लोग गणतांत्रिक तरीके से अन्याय और कुशासन का प्रतिवाद करेंगे।’’

पात्रा ने इस मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि खुद शुक्ला और भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने इस बात की आशंका जताई थी।

शुक्ला की हत्या के विरोध में भाजपा ने 12 घंटे के बैरकपुर बंद का आह्वान किया है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरकपुर-बारासात रोड और कल्याणी एक्सप्रेसवे जैसे क्षेत्रों को जाम किया और सड़कों पर टायर भी जलाए, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की और सोमवार सुबह अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) और डीजीपी को तलब किया।

बिहार के पूर्णिया जिले के केहाट थाना क्षेत्र में दलित नेता शक्ति मलिक की हत्या मामले की चर्चा करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने राजद नेता तेजस्वी यादव से जवाब मांगा।

इस मामले में तेजस्वी और उनके बड़े भाई तेजप्रताप यादव सहित छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है ।

राजस्थान के बारां में बलात्कार की हालिया घटनाओं के मद्देनजर उन्होंने कांग्रेस पर हमला किया और कहा कि इस प्रकार की ‘‘चयनात्मक राजनीति’’ नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा,, ‘‘आज विपक्ष को जवाब देना होगा। हर विषय में जो राजनीतिक पर्यटन करते हैं, वे आखिर मनीष शुक्ला हों या बिहार के शक्ति मलिक हों या बलात्कार पीड़ित राजस्थान की नाबालिग बहनें हैं, उनके घर यह सारे कब जाएंगे।’’

ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश के हाथरस में पिछले महीने एक दलित युवती के साथ बलात्कार हुआ था। कुछ दिनों बाद उसकी मौत हो गई। रात के अंधेरे में पुलिस के पहरे में परिजनों की इच्छा के विपरीत उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया था।

इस घटना के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका वाद्रा ने वहां जाने की कोशिश की थी लेकिन पुलिस ने उन्हें जाने नहीं दिया। तृणमूण नेता डेरेक ओ’ब्रायन के नेतृत्व में पार्टी नेताओं का एक प्रतिनिधमंडल भी पिछले दिनों हाथरस पहुंचा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)