देश की खबरें | गुजरात चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस ने गांधी जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किये

पोरबंदर/अहमदाबाद, दो अक्टूबर गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस रविवार को महात्मा गांधी की जयंती बड़े पैमाने पर मना रहे हैं, जहां इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने महात्मा गांधी के जन्म स्थान पोरबंदर स्थित कीर्ति मंदिर में भाजपा नेताओं के साथ एक प्रार्थना सभा में भाग लिया। इस मौके पर पटेल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी हर भारतीय के दिल में बसते हैं।

वहीं, कांग्रेस ने कहा कि वह रविवार शाम को अहमदाबाद में साबरमती नदी के पास महात्मा गांधी द्वारा स्थापित कोचरब आश्रम में प्रार्थना सभा का आयोजन करेगी।

पोरबंदर में प्रार्थना सभा के बाद मुख्यमंत्री पटेल ने कहा, ‘‘महात्मा गांधी हर भारतीय के दिल में बसते हैं। अहिंसा, सत्य और स्वच्छता के उनके दर्शन के बारे में दुनिया भर में विचार और अनुसरण किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी के विचारों को साकार करने के लिए काम कर रहे हैं। पटेल ने कहा कि मोदी ने महात्मा गांधी का अनुसरण करते हुए स्वच्छ भारत अभियान चलाया है।

सुबह के समय अहमदाबाद में साबरमती आश्रम के अधिकारियों ने परिसर में एक सर्व-धर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया, जहां केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान भी मौजूद रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)