नागपुर, आठ दिसंबर भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने राकांपा विधायक नवाब मलिक को सत्तारूढ़ ‘महायुति’ गठबंधन में शामिल करने पर आपत्ति जताने को लेकर शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बचाव किया।
बावनकुले ने कहा कि वह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस मामले में फडणवीस के रुख का समर्थन करते हैं।
फडणवीस ने अपने कैबिनेट सहयोगी अजित पवार को पत्र लिखकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक मलिक को राज्य की सत्तारूढ़ ‘महायुति’ में शामिल करने के मुद्दे पर बृहस्पतिवार को विरोध जताया था।
भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगियों से जुड़े धनशोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने मलिक को फरवरी 2022 में गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह चिकित्सकीय आधार पर जमानत पर बाहर हैं।
मलिक ने बृहस्पतिवार को यहां महाराष्ट्र विधानमंडल के शीतकालीन सत्र में भाग लिया। वह विधानसभा में राकांपा के अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट के एक विधायक के पास बैठे थे।
विधान भवन परिसर में इस मुद्दे पर पत्रकारों से बात करते हुए बावनकुले ने फडणवीस के रुख की सराहना की और उम्मीद जताई कि अजित पवार फडणवीस और महाराष्ट्र के लोगों की भावनाओं का सम्मान करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और मैं नवाब मलिक के मुद्दे पर अजित पवार को लिखे पत्र में फडणवीस द्वारा अपनाए गए रुख का समर्थन करते हैं। फडणवीस ने कहा है कि मलिक से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है, लेकिन वह गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं। कुछ मुद्दों पर समर्थन नहीं किया जा सकता।’’
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘लेकिन, फडणवीस ने कहा है कि अगर मलिक आरोपों से बरी हो जाते हैं, तो उन्हें महायुति में शामिल करने में कोई समस्या नहीं है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY