देश की खबरें | पचास लाख रुपये मूल्य की भूमि पर बैंक ने दिया 7.70 करोड़ रुपये का कर्ज

प्रयागराज, 18 जुलाई जिले में बैंक धोखाधड़ी का एक दिलचस्प मामला सामने आया है जिसमें इंडियन बैंक ने लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की जमीन पर 7.70 करोड़ रुपये ऋण किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया और जमीन के मालिक को फर्जी तरीके से बैंक का गारंटर बना दिया।

बैंक से ऋण वसूली का कानूनी नोटिस मिलने पर जमीन के मालिक विनय राज ने इस धोखाधड़ी की प्राथमिकी लिखाने के लिए जिलाधिकारी से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तक गुहार लगाई, लेकिन अभी तक उनकी प्राथमिकी नहीं लिखी गई।

विनय राज ने कहा कि एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने प्रार्थना पत्र लेकर उसे कोतवाली भेज दिया, लेकिन कोतवाल ने इस मामले की जांच एसएसपी स्तर से होने की बात कहकर प्राथमिकी लिखने से इनकार कर दिया। वहीं, जिलाधिकारी संजय खत्री ने एक कमेटी बनाकर इस मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।

विनय राज ने यहां एक प्रेस कान्फ्रेंस में संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने वर्ष 2016 में करछना के धनुआ में सात बिस्वा जमीन खरीदी थी और इस जमीन को गैर कृषि घोषित कराने के लिए करछना तहसील में कथित अधिवक्ता रणविजय सिंह को बैनामा के मूल कागजात दिए थे।

विनय राज का आरोप है कि रणविजय ने भूमि गैर कृषि घोषित करा दी, लेकिन मूल बैनामा गायब कर दिया और इसकी प्रमाणित प्रति उन्हें उपलब्ध करा दी। कोरोना काल के दौरान रणविजय ने उनके मूल बैनामे के आधार पर उन्हें फर्जी तरीके से बैंक गारंटर बना दिया और बैंक से 7.70 करोड़ रुपये ऋण ले लिया। इस ऋण के बारे में विनय राज को 5 मार्च, 2022 को बैंक नोटिस मिलने पर पता चला।

पीड़ित ने बताया, ‘‘बैंक नोटिस मिलने पर जब मैंने इंडियन बैंक की एचएसएस शाखा के बैंक मैनेजर से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि आप इस ऋण के जमानतदार बनाए गए हैं और आपकी संपत्ति बंधक है। यदि आप ऋण जमा नहीं कराएंगे तो आपकी संपत्ति नीलाम कर दी जाएगी।”

उन्होंने बताया कि नोटिस के मुताबिक रणविजय सिंह और उनकी पत्नी अनुराधा सिंह ने इंडियन बैंक से यह ऋण लिया है। विनय राज ने कहा कि उनकी जमीन की कीमत सर्किल दर के हिसाब से करीब 50 लाख रुपये है, जबकि बैंक ने इस जमीन पर सर्किल दर से 14.5 गुना अधिक ऋण दे दिया। उन्होंने कहा कि यह बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत के बगैर संभव नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)