देश की खबरें | बांग्लादेश के विदेश सचिव ने ‘लोकतंत्र के पतन’ संबंधी आरोपों के बीच विदेशी राजनयिकों को आमंत्रित किया

नयी दिल्ली, 25 नवंबर बांग्लादेश के विदेश सचिव मसूद बिन मोमिन ने अपने देश की विदेश नीति की प्राथमिकताओं, राजनीतिक घटनाक्रम और "लोकतंत्र के पतन" को लेकर पश्चिमी देशों आरोपों की पृष्ठभूमि में दिल्ली में लगभग 90 विदेशी मिशनों के राजनयिकों को आगामी आम चुनावों की तैयारियों के बारे में जानकारी दी।

मोमिन ने राजनयिकों के साथ बातचीत के एक दिन बाद शनिवार को पत्रकारों से कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले देशों को बांग्लादेश में पर्यवेक्षक भेजने के लिए आमंत्रित किया है।

विदेश सचिव विनय क्वात्रा और मोमिन ने शुक्रवार को यहां भारत-बांग्लादेश विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) की रूपरेखा तहत व्यापक वार्ता की।

मोमिन ने कहा, “मैंने राजनीतिक घटनाक्रम के बारे में जानकारी देने के लिए मिशनों के प्रमुखों से मुलाकात की...मैंने उन्हें चुनाव से पहले बांग्लादेश आने के लिए आमंत्रित किया।”

अमेरिका बांग्लादेश में राजनीतिक माहौल के साथ-साथ जनवरी में आम चुनाव से पहले देश में कथित "लोकतंत्र के पतन" को लेकर शेख हसीना सरकार की आलोचना करता रहा है। वह ढाका से देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने का आह्वान करता रहा है।

बांग्लादेश की विपक्षी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी प्रधानमंत्री हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग पर उसकी आवाज दबाने का आरोप लगाती रही है।

कल शाम मोमिन के साथ बातचीत में शामिल होने वाले कई दूतों को बांग्लादेश से मान्यता मिली हुई है और भारत में अपने मिशन से काम करते हैं।

राजनयिकों को अपने संबोधन में बांग्लादेश के विदेश सचिव ने उन देशों के मिशनों के प्रमुखों से भी मुलाकात की जो अब भी नयी दिल्ली से काम कर रहे हैं।

मोमिन ने उन्हें बांग्लादेश की आर्थिक प्रगति और सामाजिक-आर्थिक विकास सहित विभिन्न उपलब्धियों से भी अवगत कराया।

उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मैंने दूतों को बांग्लादेश की विकास यात्रा और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी।”

विदेश कार्यालय परामर्श में, भारतीय और बांग्लादेशी पक्षों ने संबंधों को विस्तार देने के लिए कई मुद्दों पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय ने कहा, “भारतीय पक्ष ने हाल ही में आयोजित जी20 डिजिटल शिखर सम्मेलन और ‘वॉयस ऑफ ग्लोबल साउथ शिखर सम्मेलन 2.0 में बांग्लादेश की भागीदारी की सराहना की।”

मंत्रालय ने कहा, “दोनों पक्षों ने बांग्लादेश में सीमा और सुरक्षा, व्यापार, वाणिज्य और कनेक्टिविटी, जल, बिजली और ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग, लोगों से लोगों के बीच संबंध और विकास सहयोग जैसे कई मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)