खेल की खबरें | नजमुल, मोमिनुल के शतक से बांग्लादेश जीत के करीब

नजमुल ने पहली पारी में 146 के बाद दूसरी पारी में 124 रन बनाये । वह टेस्ट क्रिकेट की दोनों पारियों में शतक जमाने वाले बांग्लादेश के दूसरे बल्लेबाज बन गए ।

यह कारनामा करने वाले पहले बल्लेबाज रहे मोमिनुल 121 रन बनाकर नाबाद रहे । बांग्लादेश ने दूसरी पारी चार विकेट पर 425 रन पर घोषित की ।

अफगानिस्तान ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर दो विकेट 45 रन पर गंवा दिये थे । खराब रोशनी के कारण तीसरे दिन का खेल जल्दी खत्म करना पड़ा ।

अफगानिस्तान अभी भी 617 रन पीछे है और दो दिन का खेल बाकी है । उसके कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी को तसकीन अहमद का बाउंसर सिर में लगने के कारण मैदान छोड़ना पड़ा । अफगानिस्तान के गेंदबाज कोई मौका नहीं बना सके जबकि बांग्लादेश के बल्लेबाज ढीली गेंदों को नसीहत देते रहे ।

सलामी बल्लेबाज जाकिर हुसैन ने 95 गेंद में 71 रन बनाये लेकिन तीसरा रन लेने के प्रयास में रन आउट हो गए ।

सीमित ओवरों के अंदाज में खेलते हुए नजमुल ने अपना चौथा टेस्ट शतक 115 गेंद में पूरा किया । वहीं 151 गेंद की पारी में 15 चौके जड़ने के बाद शांतो आउट हो गए । अनुभवी मुशफिकुर रहीम छक्का जड़ने के बाद कलाई के स्पिनर जाहिर खान का अगला शिकार बने ।

इसके बाद मोमिनुल और लिटन दास ने डटकर बल्लेबाजी की । लिटन 66 रन बनाकर नाबाद रहे ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)