विदेश की खबरें | काठमांडू और पोखरा में 'आदिपुरुष' संवाद विवाद के बीच हिंदी फिल्मों के प्रदर्शन पर प्रतिबंध
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

काठमांडू, 19 जून फिल्म "आदिपुरुष" के संवादों को लेकर उठे विवाद और फिल्म में माता सीता का उल्लेख "भारत की बेटी" के रूप में किये जाने के बाद नेपाल की राजधानी काठमांडू और पोखरा शहर में ‘आदिपुरुष’ सहित सभी हिंदी फिल्मों के प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है।

काठमांडू के 17 सिनेमाघरों में इसके मद्देनजर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यहां कोई हिंदी फिल्म प्रदर्शित न हो।

काठमांडू के महापौर बालेंद्र शाह ने रविवार को कहा कि शहर में किसी भी हिंदी फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति तब तक नहीं दी जाएगी, जब तक कि "आदिपुरुष" में "जानकी भारत की एक बेटी है" संवाद को न केवल नेपाल में बल्कि भारत में भी हटा दिया जाता है।

गौरतलब है कि माता सीता को जानकी के नाम से भी जाना जाता है। लोगों का मानना है कि उनका जन्म नेपाल के जनकपुर में हुआ था।

फिल्म के संवाद को लेकर उठे विवाद के बाद पोखरा में भी फिल्म के प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की गई।

पोखरा के महापौर धनराज आचार्य ने कहा कि सोमवार से "आदिपुरुष" के प्रदर्शन पर रोक लगा दी जाएगी।

काठमांडू के महापौर के अनुसार, फिल्म "आदिपुरुष" को उसके एक भी संवाद को हटाए बिना प्रदर्शित करने से "अपूरणीय क्षति" होगी।

उन्होंने रविवार को एक फेसबुक पोस्ट में कहा, "सोमवार, 19 जून से काठमांडू शहर में सभी हिंदी फिल्मों के प्रदर्शन पर रोक लगा दी जाएगी, क्योंकि फिल्म 'आदिपुरुष' के संवाद में आपत्तिजनक शब्द अभी तक नहीं हटाए गए हैं।"

उन्होंने कहा, "हमने तीन दिन पहले फिल्म से 'जानकी भारत की एक बेटी है' वाले संवाद के आपत्तिजनक हिस्से को तीन दिन के भीतर हटाने के लिए पहले ही नोटिस जारी कर दिया है।"

शाह के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया में हलचल मच गई और कई यूजर्स ने उनके फैसले का स्वागत किया। हालांकि, कुछ लोगों ने उनके फैसले की निंदा भी की।

फिल्म पर विवाद बढ़ता देख इसके संवाद लेखक मनोज मुंतशिर शुक्ला ने रविवार को कहा कि फिल्म निर्माताओँ ने "कुछ संवादों को संशोधित करने" का फैसला किया है, क्योंकि संवाद में आपत्तिजनक के कारण फिल्म की भारी आलोचना हो रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)