नयी दिल्ली, 16 जुलाई वाहन विनिर्माता कंपनी बजाज ऑटो ने मंगलवार को कहा कि अप्रैल-जून, 2024 की तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 18 प्रतिशत बढ़कर 1,942 करोड़ रुपये हो गया है।
बजाज ऑटो ने शेयर बाजार को जून तिमाही के वित्तीय नतीजों की सूचना दी। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 1,644 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
दोपहिया और तिपहिया विनिर्माता ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसका कुल परिचालन राजस्व बढ़कर 11,932 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले की इसी अवधि में यह 10,312 करोड़ रुपये था।
आलोच्य अवधि में कंपनी का एकल आधार पर शुद्ध लाभ 19 प्रतिशत बढ़कर 1,988 करोड़ रुपये हो गया जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 1,665 करोड़ रुपये था।
बजाज ऑटो ने जून तिमाही में कुल 11,02,056 इकाइयों की बिक्री की जो अप्रैल-जून, 2023 के 10,27,407 वाहनों की तुलना में सात प्रतिशत अधिक है।
इनमें से कंपनी ने 6,90,621 इकाइयों की बिक्री घरेलू बाजार में की जबकि 4,11,435 वाहनों का निर्यात किया गया।
कंपनी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसके लाभ में बढ़ोतरी के पीछे लागत में कटौती और बेहतर बिक्री की वजह रही।
इस बीच, कंपनी के निदेशक मंडल ने पांच साल की अवधि के लिए संगीता रेड्डी को कंपनी का अतिरिक्त निदेशक (गैर-कार्यकारी स्वतंत्र निदेशक) नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY