नयी दिल्ली, 22 मई दिल्ली की एक अदालत ने यहां कुछ मेट्रो स्टेशनों और ट्रेन के डिब्बों के भीतर कथित तौर पर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दीवार लेखन करने के आरोपी उत्तर प्रदेश में बरेली के 33 वर्षीय एक व्यक्ति को बुधवार को जमानत दे दी।
अदालत के सूत्रों ने बताया कि आरोपी अंकित गोयल को दोपहर में एक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया और अदालत ने उसे जमानत दी।
सूत्रों ने बताया कि जमानत इस आधार पर दी गयी कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की जो धाराएं लगायी गयी हैं वे जमानती हैं। अदालत के विस्तृत आदेश की प्रतीक्षा है।
गोयल बरेली के एक सरकारी बैंक में ऋण प्रबंधक है। उसे बुधवार को गिरफ्तार कर दिल्ली लाया गया।
सोमवार को इस दीवार लेखन की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। आम आदमी पार्टी ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की थी।
कुछ देर बाद एक व्यक्ति के मेट्रो की दीवार पर लिखने का सीसीटीवी फुटेज भी इंटरनेट पर अपलोड हो गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY