देश की खबरें | बागेश्वर उपचुनाव: भाजपा प्रत्याशी चयन के लिए तीन लोगों के नाम जल्द केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजेगी

देहरादून, 10 अगस्त उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बृहस्पतिवार को कहा कि पांच सितंबर को होने वाले बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी चयन हेतु तीन नामों की सूची जल्द ही केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेज दी जाएगी।

कैबिनेट मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर लगातार चार बार विधायक चुने गए चंदन रामदास का अप्रैल में बीमारी से निधन होने के कारण रिक्त हुई बागेश्वर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है।

उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गयी जो 17 अगस्त तक जारी रहेगी। भट्ट ने यहां मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी इस उपचुनाव की दो महीने से तैयारी में जुटी है। उन्होंने कहा कि वहां बूथ स्तर पर बैठकें, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम और प्रदेश पदाधिकारियों के प्रवास पहले ही संपन्न हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया के तहत विधानसभा चुनाव प्रबंधन टोली ने संभावित दावेदारों के नामों पर चर्चा करके प्रदेश संसदीय बोर्ड को नाम सौंपे हैं जो सभी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा कर तीन नामों की सूची केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजेगी।

भट्ट ने कहा कि केंद्रीय संसदीय बोर्ड द्वारा प्रत्याशी का नाम तय होने के बाद शीघ्र ही नामांकन दाखिल करने की तिथि घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा चंपावत उपचुनाव की तर्ज पर यहां भी पहले से अधिक रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेगी और जनता अपने प्रिय नेता दिवंगत चंदन रामदास को श्रद्धांजलि देगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि जनता इस बार भी कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को नकार देगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)