(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 18 जनवरी कांग्रेस ने बुधवार को पार्टी से इस्तीफा देकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब कांग्रेस पर से ‘बादल’ छंट गए हैं।
मनप्रीत बादल पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस महासचिव एवं पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘ एक आदमी जिसने अपनी पार्टी बनाने के लिए अकाली दल को छोड़ दिया और फिर कांग्रेस में शामिल हो गया, उसे पांच साल के लिए वित्त मंत्री बनाया गया, फिर 60 हजार से अधिक के रिकॉर्ड अंतर से हार गया और उसके बाद सुषुप्तावस्था में चला गया और अब भाजपा में शामिल हो गया है। पंजाब कांग्रेस पर से बादल छंट गए हैं। ’’
मनप्रीत बादल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। अपनी नयी पारी शुरू करने से ठीक पहले उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी का आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
मनप्रीत बादल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ वर्षों के कार्यकाल में भारत कूटनीतिक और आर्थिक मोर्चे पर एक मजबूत देश के रूप में उभरा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY