देश की खबरें | बादल निधन: चौटाला परिवार ने जताया शोक

चंडीगढ़, 26 अप्रैल बादल परिवार के साथ घनिष्ठ संबंध रखने वाले हरियाणा के चौटाला परिवार ने शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के निधन पर दुख जताया है।

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता को सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायत के बाद एक हफ्ते पहले मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने मंगलवार रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। वह 95 साल के थे।

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने मंगलवार को कहा, ‘‘वह हमारे परिवार के मुखिया थे।’’

इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला के छोटे बेटे अभय सिंह चौटाला ने कहा, ‘‘ हम उनके निधन से सदमे और गहरे दुख में हैं। पिछले पांच दशकों से सरदार प्रकाश सिंह बादल का हमारे परिवार के साथ एक अटूट रिश्ता रहा।’’

हरियाणा और पंजाब के दो शक्तिशाली राजनीतिक परिवारों चौटाला और बादल के बीच लंबे समय से गहरे संबंध हैं। बादल पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवी लाल के करीबी दोस्त थे, जिन्हें ‘ताऊ’ देवी लाल के नाम से जाना जाता था। बादल हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के भी करीबी दोस्त थे।

इनेलो नेता ने अभय सिंह चौटाला ने कहा कि देवीलाल और बादल ने मिलकर देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने के लिए लंबा संघर्ष किया। दोनों नेता आपातकाल के दौरान जेल भी गए।

देवीलाल के प्रपौत्र दुष्यंत चौटाला ने कहा कि बादल का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है।

पंजाब की राजनीति के दिग्गज नेता बादल पहली बार 1970 में मुख्यमंत्री बने और उन्होंने एक गठबंधन सरकार का नेतृत्व किया, जिसने अपना कार्यकाल पूरा नहीं किया। इसके बाद वह 1977-80, 1997-2002, 2007-12 और 2012-2017 में भी राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

अपने राजनीतिक जीवन के आखिरी दौर में बादल ने अकाली दल की बागडोर बेटे सुखबीर सिंह बादल को सौंप दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)