देश की खबरें | दिल्ली में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में गिरा ऑटोरिक्शा, चालक डूबा

नयी दिल्ली,30 जून उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में शुक्रवार को बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक ऑटोरिक्शा चालक की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, ऑटोरिक्शा दुर्घटनावश गड्ढे में गिर गया था।

पुलिस ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा क्षेत्र में एक फ्लाईओवर के निर्माण के तहत एक खंभा स्थापित करने के लिए गड्ढा खोदा गया था। हालांकि, पिछले दो दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के कारण बारिश का पानी गड्ढे में भर गया था।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान नंदनगरी निवासी अजीत शर्मा (51) के रूप में हुई है। पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने कहा कि वे घटना के तथ्यों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त जॉय तिर्की ने कहा कि अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे यह सूचना मिली कि वजीराबाद रोड पर सर्विस रोड के पास एक व्यक्ति गड्ढे में डूब रहा है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि एक निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास खोदे गए उस गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था।

तिर्की ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि व्यक्ति को गड्ढे की गहराई का एहसास नहीं हुआ और उसने उस पर गाड़ी चलाने की कोशिश की और दुर्घटनावश वह उसमें डूब गया।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि ऑटोरिक्शा गड्ढे में फंसा हुआ पाया गया और चालक का शव वाहन के अगले पहिये में फंसा हुआ पाया गया।

पुलिस ने बताया कि तिर्की के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं हैं। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया जाएगा, जबकि घटना की जांच जारी है।

भारी बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव और यातायात जाम हो गया है, जिससे शहर भर में यात्रियों को असुविधा हो रही है।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शहर में जलभराव की स्थिति को लेकर दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा।

सचदेवा ने एक बयान में कहा कि दिल्ली सरकार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार को हुई बारिश के बाद राष्ट्रीय राजधानी की ज्यादातर सड़कें जलमग्न हो गई हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली सरकार के सचिवालय के भूतल पर पानी भर गया, वहीं वजीराबाद के पास हर्ष विहार में सड़क किनारे गड्ढे में डूबने से एक ऑटो चालक की मौत हो गई।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)