खेल की खबरें | ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने बनाये पांच विकेट पर 134 रन

दुबई, 17 अक्टूबर छह बार की चैम्पियन ऑस्ट्रेलियाई टीम बृहस्पतिवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका की कसी गेंदबाजी के सामने धीमी शुरूआत के बाद पांच विकेट पर 134 रन ही बना सकी।

ऑस्ट्रेलिया के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी 44 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं। कप्तान तहलिया मैकग्रा ने 27 रन का योगदान दिया।

अंत में एलिस पैरी की 23 गेंद में 31 रन और फोबे लिचफील्ड की नौ गेंद में नाबाद 16 रन की पारी से ऑस्ट्रेलयाई टीम इस स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

दक्षिण अफ्रीका ने अंत में अंतिम चार ओवर में 40 रन लुटाये।

दक्षिण अफ्रीका ने कसी गेंदबाजी की जिसमें अयाबोंगा खाका ने चार ओवर में 24 रन देकर दो विकेट झटके जबकि मारिजाने काप और नोनकुलुलेको म्लाबा को एक एक विकेट मिला।

ऑस्ट्रेलिया को दूसरे ओवर में पहला झटका ग्रेस हैरिस के आउट होने से लगा जो खाका की गेंद पर कैच आउट हुईं।

जॉर्जिया वारेहैम (05) अपनी पारी में एक चौका ही लगा पाईं और काप की गेंद पर विकेटकीपर को कैच दे बैठीं।

विकेटकीपर बेथ मूनी ने कप्तान मैकग्रा के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 55 गेंद में 50 रन की भागीदारी निभाई।

पर म्लाबा की गेंद ने मैकग्रा की 33 गेंद की पारी का अंत किया जिसमें उन्होंने तीन चौके लगाये।

बेथ मूनी को काप ने रन आउट किया जिन्होंने 42 गेंद की पारी के दौरान दो चौके जड़े। इस तरह टीम ने 99 रन पर चौथा विकेट गंवाया।

पैरी और लिचफील्ड ने मिलकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाने में मदद की। लिचफील्ड ने नौ गेंद की पारी में तीन चौके जड़े।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)