नयी दिल्ली, 22 सितंबर भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने शुक्रवार को यहां दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) कार्यालय का दौरा किया।
ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त ने इस दौरान आयोग के कामकाज के बारे में डीसीडब्ल्यू अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के साथ विस्तृत चर्चा की।
आयोग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि उन्होंने दिल्ली के साथ-साथ भारत में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा और सशक्तीकरण से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की।
इसमें कहा गया है कि मालीवाल ने ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त को डीसीडब्ल्यू के काम एवं राजधानी में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा तथा कल्याण के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों से अवगत कराया।
इसके अनुसार डीसीडब्ल्यू और ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग राजधानी में महिला सशक्तीकरण की दिशा में मिलकर काम करेंगे।
मालीवाल ने कहा कि उन्होंने महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
उन्होंने कहा, ‘‘फिलिप ने डीसीडब्ल्यू के प्रयासों की सराहना की है और इस क्षेत्र में आयोग की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया। हम राजधानी में महिलाओं और लड़कियों के सशक्तीकरण के लिए ऑस्ट्रेलियाई सरकार के साथ भविष्य में सहयोग की आशा करते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY