नयी दिल्ली, 29 नवंबर अरबिंदो फार्मा के अगले साल अप्रैल-मई तक अपने हैदराबाद टीका संयंत्र का व्यावसायिक परिचालन शुरू करने की उम्मीद है। इसमें कोविड-19 समेत कई अन्य संक्रामक बीमारियों का टीका तैयार किया जाएगा।
अरबिंदो फार्मा कोविड-19 समेत अन्य संक्रामक बीमारियों के टीके बनाने के लिए अपने हैदराबाद संयंत्र पर 275 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। अपने टीके विकसित करने के साथ-साथ कंपनी वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) द्वारा तैयार किए जा रहे टीकों के विनिर्माण के लिए समझौता करने पर भी विचार कर रही है। इसके अलावा उसकी योजना जल्द से जल्द टीका वितरण शुरू करने के लिए अन्य कंपनियों के साथ भी गठजोड़ करने की है।
यह भी पढ़े | Uttar Pradesh: ‘लव जिहाद’ कानून के तहत यूपी के बरेली में पहला केस दर्ज.
कंपनी के प्रबंध निदेशक एन. गोविंदराजन ने कहा, ‘‘हमने त्रिस्तरीय रूपरेखा अपनायी है। इसमें एक हमारे खुद के टीके विकास से जुड़ी है। दूसरी सीएसआईआर की प्रयोगशालाओं के साथ समझौते करने से जुड़ी है। यह वास्तव में तीन अलग-अलग संस्थानों द्वारा तीन अलग-अलग मंचों पर तीन अलग-अलग उत्पाद तैयार करना है।’’
उन्होंने कहा कि इसके अलावा कंपनी संभावित भागीदारों के साथ गठजोड़ करने पर भी ध्यान दे रही है जिनके उत्पाद कंपनी के खुद के या सीएसआईआर के उत्पाद से पहले तैयार हों।
गोविंदराजन ने कहा कि हमारे खुद के उत्पाद में थोड़ा समय लगेगा। लेकिन सीएसआईआर के उत्पादों पर अच्छी प्रगति हुई है। हमारे संयंत्र को हम मार्च-अप्रैल की समयसीमा तक पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। अप्रैल से इसमें काम शुरू होने लगेगा। ऐसे में हमें अप्रैल-मई तक इसके व्यावसायिक परिचालन की उम्मीद है और हमारी योजना भी यही है।
उन्होंने कहा कि हैदराबाद संयंत्र की क्षमता टीके की करीब 45 करोड़ खुराक बनाने की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY