देश की खबरें | असम का प्रतिदिन का आबकारी राजस्व 10 करोड़ रुपये है : मंत्री

गुवाहाटी, 13 सितंबर असम के आबकारी मंत्री परिमल शुक्लबैद्य ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि राज्य में प्रतिदिन 5.30 लाख ‘बल्क लीटर' (बीएल) से अधिक शराब की बिक्री होती है जिससे राज्य को रोजाना 10 करोड़ रुपये का आबकारी राजस्व मिलता है।

‘बल्क’ लीटर किसी द्रव का वास्तविक आयतन (परिमाण) होता है जबकि मानक तापमान एवं घनत्व पर द्रव का आयतन मानक 'लीटर' कहलाता है।

कांग्रेस विधायक सीबामोनी बोरा के प्रश्न के उत्तर में शुक्लबैद्य ने कहा कि विदेशी शराब (आईएमएफएल) की औसत रोजाना बिक्री 3,06,772.577 बीएल है।

आबकारी मंत्री के अनुसार बीयर के मामले में यह प्रतिदिन 1,66,589.883 बीएल है जबकि देशी शराब की खपत 57,818.365बीएल है।

उन्होंने कहा कि पिछले वित्त वर्ष के आंकड़ों के हिसाब से आबकारी से रोजाना औसत राजस्व 10.85 करोड़ रुपये है।

मंत्री ने कहा कि अबतक शराब की 1684 दुकानों और 896 बार को लाइसेंस दिया गया है। उन्होंने कहा कि नये लाइसेंस शहरी क्षेत्रों में जरूरत के हिसाब से दिये गये जबकि सीमा पर शराब की तस्करी रोकने के लिए अंतरराज्यीय सीमा पर दिये गये।

कांग्रेस के जाकिर हुसैन सिकदर के प्रश्न के उत्तर में शुक्लबैद्य ने कहा कि राज्य ने इस वित्त वर्ष में अगस्त तक 1,718.75 करोड़ रुपये का आबकारी राजस्व अर्जित किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)