देश की खबरें | असम के विधायक अखिल गोगोई ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन की मांग की

गुवाहाटी, 21 जुलाई असम के निर्दलीय विधायक अखिल गोगोई ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग करते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि पड़ोसी राज्य में जारी हिंसा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की साजिश है।

रायजोर दल के प्रमुख ने मणिपुर में स्थिति को नियंत्रित करने में कथित रूप से विफल रहने के लिए मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह के नेतृत्व वाली राज्य सरकार से इस्तीफे की भी मांग की।

अखिल गोगोई ने बीते दो महीने से अधिक समय से मणिपुर में जारी हिंसा पर कहा, ‘‘ मणिपुर में उथल-पुथल मची हुई है, लेकिन किसी को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कोई आगे नहीं आ रहा है।’’

मणिपुर में चार मई को दो आदिवासी महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने और छेड़छाड़ का एक वीडियो बुधवार को सामने आया था जिसकी देशभर में निंदा की गई। इस मामले में चार आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया।

सूचना अधिकार कार्यकर्ता से नेता बने गोगोई ने कहा, ‘‘ हम मांग करते हैं कि मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए। राज्य सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए। ’’

मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर अखिल गोगोई ने कहा, ‘‘ यह आरएसएस और भाजपा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी सरकार की साजिश है। आरएसएस और भाजपा मणिपुर के लोगों का ध्रुवीकरण करने की कोशिश कर रहे हैं। ’’

विधायक ने मणिपुर के लोगों से शांति और स्थिरता बहाल करने तथा हिंसा के पीछे की 'साजिश को समझने की कोशिश' करने का भी आग्रह किया।

मणिपुर मई की शुरुआत से ही जातीय संघर्ष की चपेट में है। तीन मई को वहां जातीय हिंसा शुरू हुई थी जिसमें 160 से अधिक लोगों की जान चली गयी जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)